एक भारत श्रेष्ठ भारत रोड़ शो में हिमाचल का प्रतिनिधित्व करेंगे बुद्धि प्रकाश
कोलकाता में 10 मार्च को आयोजित होगा कार्यक्रम, देश के सभी राज्य लेंगे हिस्सा
न्यूज़ मिशन
मनाली
भारत सरकार द्वारा संचालित “एक भारत श्रेष्ठ भारत” रोड़ शो में हिमाचल का प्रतिनिधित्व मनाली के बुद्धि प्रकाश ठाकुर करेंगे। ये रोड़ शो कोलकाता में 10 मार्च को आयोजित होगा जिसमें देश भर के सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
केंद्र सरकार के एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान के तहत विभिन्न राज्य एक दूसरे से पर्यटन, कला, संस्कृति और अन्य जानकारियां साँझा करते हैं। इसी प्रकार कोलकाता में हो रहे इस रोड शो की मेजवानी इंडियाटूरिज्म कोलकाता, पर्यटन मंत्रालय कर रहा है। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में हिमाचल का प्रतिनिधित्व करने के लिए पर्यटन व्यवसाई बूढी प्रकाश को चुना गया है। बुद्धि प्रकाश ना सिर्फ एक सफल पर्यटन व्यवसाई हैं बल्कि हिमाचल प्रदेश ट्रेवल एजेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं। एक आम किसान परिवार से सम्बन्ध रखने के बावजूद हिमाचल को प्राइवेट विमान सेवा से जोड़ने के बाद वे काफी चर्चा में रहे थे।
एसोसिएशन के सचिव सुरेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस रोड़ शो में देशभर के राज्य हिस्सा ले रहे हैं और हिमाचल की ओर से बुद्धि प्रकाश बुधवार सुबह फ्लाइट द्वारा कोलकाता पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि “एक भारत श्रेष्ठ भारत रोड़ शो” के आयोजकों की शर्तों के अनुसार वो ब्यक्ति ही प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर सकता है जो कि प्रदेश के पर्यटन के साथ यहाँ की भौगोलिक, सांस्कृतिक, कला और अन्य महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी रखता हो। साथ ही वो एक अच्छा वक्ता और प्रस्तोता होना चाहिए। उन्होंने बताया की बुद्धि प्रकाश प्रेसेंटेशन में तस्वीरों, आंकड़ों और अन्य जानकारियों के माध्यम से अपनी बात रखेंगे। वो पश्चिम बंगाल के टूर ऑपरेटर्स और छात्रों के सामने भी प्रस्तुति देंगे।
बुद्धि प्रकाश ने बताया कि इस रोड़ शो के लिए वे काफी समय से तैयारियां कर रहे हैं और हिमाचल के पर्यटन, संस्कृति और अन्य जानकारियों को साँझा करने को लेकर काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि इस रोड़ शो से हिमाचल के पर्यटन को और अधिक बढ़ावा मिलेगा।