जिया में फोरलेन के साथ उचित मूल्य की दुकान में चोरी
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना

न्यूज़ मिशन
भुंतर, 20 सितंबर । जिया फोरलेन के साथ एक उचित मूल्य की दुकान में चोरी का मामला सामने आया है । अज्ञात चोरों ने आधी रात के उपरांत लगभग एक बजे से लेकर अढ़ाई बजे के बीच उचित मूल्य की दुकान में चोरी की बारदात को अंजाम दिया । डिपो होल्डर रमेश कुमार ने बताया कि अज्ञात चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़ा और दुकान के अंदर घुसे गल्ले से लगभग 8 हजार की नगदी तथा 12 हजार का सामान ले गए । उन्होने बताया कि चोरी की यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सीसीटीवी में दिखाई दे रहा है कि पांच चोरों ने योजनाबद्ध तरीके से इस घटना को अंजाम दिया। पहले एक ने ताला तोड़ा फिर दूसरा आदमी दुकान के अंदर घुसा । दुकान का शटर केवल इतना खोला गया कि घसीटते हुए अंदर जा सके ताकि किसी को कोई शक ही ना हो । जबकि फोरलेन सड़क में रात हो गाड़िया भी आती-जाती है । चोरों ने बड़ी ही होशियारी से इस वारदात को अंजाम दिया । सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि दुकान में चोरी करने घुसे चोर ने बड़े आराम से गल्ले से नगदी निकाली और अपनी जेब में डाल दी। चोर अपने साथ एक बैग भी लाया था जिसमें महंगी चॉकलेट व अन्य सामान ले गया । दुकान से बाहर निकलने पर चोर सहित तीन लोग फेटावन जाने वाली सड़क से निकल गए । उसके उपरांत पहरा देने वाले दो लोग भी कुछ ही क्षण में उसी सस्ते से निकले यह सभी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए । दुकान में चोरी करने वाला नकाबपोश था । इस वारदात में शामिल कुछ लोग नकाब के बिना भी थे जिनके चेहरे कुछ नजर भी आ रहे हैं । डिपो होल्डर ने इस चोरी की घटना की जानकारी पुलिस थाना भुंतर को दी और उन्होंने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि जल्दी इन चोरों को पकड़ा जाए और उचित कार्रवाई अमल में लाएं । डिपो होल्डर ने कहा कि जिया में चोरी की बारदातें बढ़ रही है । यहां पर रात को नियमित पेट्रोलिंग लगाई जाए । वहीं थाना प्रभारी भुंतर नरेश शर्मा ने कहा कि जिया में उचित मूल्य की दुकान में हुई चोरी मामले में पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है ।



