कुल्लू, लाहुल-स्पिति एवं लेह-लद्दाख’ पुस्तक का सत्य प्रकाश ठाकुर ने किया लोकार्पण

न्यूज़ मिशन
कुल्लू
कुल्लू, 28 अगस्त। ‘कुल्लू, लाहुल-स्पिति एवं लेह-लद्दाख’ पुस्तक का लोकार्पण रविवार, 28 अगस्त को कुल्लू स्थित देवसदन के सभागार में किया गया। इस कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर मुख्य-अतिथि रहे। यह पुस्तक स्वर्गीय शिव चंद ठाकुर द्वारा लिखी गई है जबकि हिमतरु-गुरुकुल बहुमुखी शिक्षा संस्था द्वारा प्रकाशित किया गया है।
देवसदन कुल्लू में आयोजित इस कार्यक्रम में बलदेव घरसंगी, सतीश लोपा, किशन श्रीमान, सुनिता कटोच,
राम नाथ साहनी, डाॅ सूरत ठाकुर, शेर सिंह, पीडी आजाद सहित अन्य लोगों ने ठाकुर शिव चंद ठाकुर के जीवन वृतांत तथा पुस्तक में प्रकाशित साहित्य-सामग्री पर अपना वक्तव्य रखा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सत्य प्रकाश ठाकुर ने कहा कि इस पुस्तक में स्वर्गीय शिव चंद ठाकुर द्वारा अपने जीवन के अनुभवों पर विशेष तौर पर प्रकाश डाला गया है। इसके अतिरिक्त पुस्तक में ठाकुर शिव चंद से जुड़े विभिन्न संस्मरण, हिमाचल प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों में विशेषकर; लाहुल-स्पिति एवं लेह-लद्दाख की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि एवं विकास को लेकर विशेष पठन सामग्री प्रकाशित हुई है। उन्होंने बताया कि यह पुस्तक हर आयुवर्ग के लोगों के लिए उपयोगी है। रोचक तथ्यों के अतिरिक्त शोधार्थियों एवं परीक्षार्थियों के लिए भी यह पुस्तक महत्त्वपूर्ण है।
इस सुअवसर पर पूर्व मंत्री रघुवीर सिंह ठाकुर, एचपीयू के प्रोफेसर चंद्रमोहन परशीरा, पूर्व जिला भाषा अधिकारी विद्या शर्मा, डाॅक्टर बी एस रावल, शिवचंद ठाकुर के पारिवारिक सदस्यों सहित दर्जनों महानुभावों ने अपनी उपस्थिति दर्ज की।



