शास्वत ने जीती देश की पहली स्नो मैराथन, महिलाओं में डोलमा ने लगाई 42 किलोमीटरदौड़
10 हजार फीट पर स्नो मैराथन आयोजित कर लाहौल घाटी ने रचा इतिहास

न्यूज मिशन
कुल्लू 26 मार्च
देश में पहली बार आयोजित की गई स्नो मैराथन कर्नाटक के शास्वत ने जीत ली है। शनिवार को लाहौल-स्पिति जिले के सिस्सु में आयोजित की गई अपनी तरह की देश की पहली मैराथन में शास्वत ने 42 किलोमीटर की फुल मैराथन को पूरा करने में चार घंटे 41 मिनट का समय लिया। शास्वत लंबे समय में मनाली में ही रह कर बर्फीले इलाकों में दौड़ने के अभ्यास में जुटे हुये थे। वहीं दूसरी और पलचान (मनाली) की डोलमा ने महिला वर्ग में बाजी मार कर यह फुल मैराथन पांच घंटे 5 मिनट में पूरी की। रीच इंडिया और जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस मैराथन को पांच श्रेणियों में आयोजित करवाया गया था। यह पहला मौका था जब देश में स्नो मैराथन का आयोजन करवाया गया था। अब तक स्नो मैराथन ध्रुवीय क्षेत्रों, अंटार्कटिका, रुस और उत्तरी यूरोप जैसे ठंडे बर्फीलंे इलाकों के देशों में करवाई जाती थी। हिमाचल प्रदेश में इस बार यह पहल ही नहीं बल्कि सर्वाधिक दस हजार फीट की ऊंचाई पर स्नो मैराथन आयोजन का कीर्तमान भी स्थापित हुआ।
21 किलोमीटर की हाफ मैराथन में पुरुषों के वर्ग में रोहन ने दो घंटे 53 मिनट के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि महिला वर्ग में यह खिताब दीक्षा के नाम रहा जिन्होंनें दो घंटे 59 मिनट का समय लिया। दस किलोमीटर की दौड़ दौलत राम के नाम रही जिन्होंनें एक घंटा और चार मिनट का समय लिया। महिलाओं के वर्ग में यह खिताब हेमलता के नाम रहा जिन्होंनें यह दूरी एक घंटा बीस मिनट में पूरी की। पांच किलोमीटर कैटेगरी में पुरुषो के वर्ग में नवनीत जबकि महिलाओ के वर्ग में यह रेस शृष्टि के नाम रही। स्थानीय लोगों में दौड़ के प्रति उत्साह जगाने के लिये एक किलोमीटर की रेस भी आयोजित की गई जिसमें बच्चों और महिलाओं ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। मैराथन के ब्रांड एम्बेसेडर कैरेन डिसूजा ने भी इस अवसर पर शिरकत की और प्रतिभागियों के साथ दस किलोमीटर तक की दौड़ लगाई।
लाहौल स्पिति के उपायुक्त नीरज कुमार ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किये और इस सफल आयोजन के लिये रीच इंडिया तथा गोल्डड्रॉप एडवेंचर्स का आभार व्यक्त किया। उन्होंनें अपने संबोधन में कहा कि मैराथन के पहले ही ऐडिशन में ही एक सौ से अधिक प्रतिभागियों के साथ यह सफल हुआ है। उन्होंनें उम्मीद जताई कि आगामी वर्षाे में स्नो मैराथन की यह परम्परा कायम रहेगी। वहीं दूसरी ओर आयोजक गौरव शिमर और राजेश चंद ने भी जिला प्रशासन के तत्पर सहयोग का आभार व्यक्त किया । उन्होंनें भरोसा दिलाया कि अगले वर्ष इस आयोजन का ओर बड़े स्तर पर आयोजित किया जायेगा जिसमें इंटरनैश्नल धावकों को भी आमंत्रित किया जायेगा।
बड़ी संख्या में देश के विभिन्न भागों से आए सैलानियों ने भी स्नो मैराथॉन को देखा और इस साहसिक दौड़ को अपने कैमरों तथा मोबाईल में कैद कर लिया।
इस अवसर पर एसडीएम प्रिया नागटा, इंवेंट एडवाईजर कर्नल अरुण नटराजन, रीच इंडिया के सीईओ राजीव कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष अनुराधा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी तथा गणमान्य व्यक्ति भी शामिल हुये।



