देवभूमि कुल्लू की खुशबू भारद्वाज नारी शक्ति की मिसाल
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के राज्य स्तरीय पुरस्कार से किया सम्मानित
नारी शक्ति की मिसाल है कुल्लू की खुशबू
कुल्लू 09 मार्च। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कुल्लू की पंडित खुशबू भारद्वाज को कला व संस्कृति के संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान के लिये अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के राज्य स्तरीय समारोह के अवसर पर जोगेन्द्रनगर में सम्मानित किया। यह सम्मान खुशबू को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीण चौधरी की उपस्थिति में प्रदान किया गया।
बता दें, कि खुशबू को अपनी संस्कृति से काफी लगाव है और निरंतर इसके संरक्षण के लिये वह काम करती रहती है। वर्तमान में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में संगीत में स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रही खुशबू अनेक मंचों पर अपनी खूबसूरत प्रस्तुतियों से दर्शकों के लिये आकर्षण का केन्द्र रही है।
खुशबू ने 21 साल की उम्र में सफल कथावाचक, गायिका, संगीतकार, कवियत्री व योग प्रशिक्षक के तौर पर अपनी पहचान बनाई है। अभिनय के क्षेत्र में भी वह विलक्षण प्रतिभा की धनी है। उसके प्रवचनों का इलेक्ट्रॉनिक चैनलों के माध्यम से निरंतर प्रसारण होता है। अनेक प्रकार के वाद्ययंत्र बजाने में भी उसे महारत हासिल है। खुशबू का नाटक दूरदर्शन पर भी प्रसारित हो चुका है। उसने गायन में अखिल भारतीय स्तर पर पहला स्थान हासिल किया है। खुशबू को ऑल ओवर टेलेन्ट अवार्ड ‘शेन-ए-भारत’ से सम्मानित किया जा चुका है।
खुशबू बताती है कि उनकी प्रतिभा को निखारने में उसके माता-पिता का बड़ा योगदान है। वह आरंभ से ही उसके पथ प्रदर्शक और मार्गर्शक रहे है। खुशबू ने अपनी स्कूली शिक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुल्तानपुर कुल्लू से हासिल की। स्नातक की डिग्री राजकीय डिग्री कॉलेज कुल्लू से पूरी की। खुशबू की मां स्वयं कला प्रेमी है जो बाल्यकाल से ही उसकी प्रेरणा रही है। खुशबू ने पर्वतारोहण और निशानेबाजी में भी अपने हाथ आजमाए हैं। कुल्लू कालेज में वह एनसीसी की अग्रणी श्रेणी की कैडेट रही।
कोविड-19 के दौर में भी खुशबू ने एनसीसी परिवार की सदस्य होने के नाते क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में स्वेच्छा से अपनी सेवाएं दी। रोगियों व उनके पारिवारिक सदस्यों को भोजन, दूध, फल प्रदान किये। उपायुक्त ने इस कार्य के लिये खुशबू हो सम्मानित भी किया है। पिछले साल अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर खुशबू हो हिमाचल प्रदेश भाषा, कला एवं संस्कृति अकादमी द्वारा वीमेन पावर अवार्ड से सम्मानित किया है। छोटी से आयु में समाज के विभिन्न क्षेत्रों तक खुशबू ने अपनी पहुंच बना ली है और अलग से मुकाम हासिल किया है