मणिकर्ण घाटी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रज्जू मार्ग के माध्यम से पहुंचाई जाएगी खाद्य सामग्री – सुंदर ठाकुर
मलाणा में फंसे सैलानियों को चंद्रखनी रास्ते से निकाला जाएगा बाहर

बिजली व्यवस्था को भी जल्द किया जाएगा बहाल
न्यूज मिशन
कुल्लू
जिला कुल्लू की मणिकर्ण घाटी के मलाणा डैम में बादल फटने से मलाणा पंचायत का संपर्क पूरी तरह से कट गया है। ऐसे में मलाणा घूमने आए कई सैलानी भी वहां फंस गए हैं। अब उन सैलानियों को निकालने के लिए चंद्रखनी के रास्ते का उपयोग किया जाएगा और सभी सैलानियों को सुरक्षित चंद्रखनी के रास्ते से कुल्लू लाया जाएगा। ढालपुर में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए सीपीएस सुंदर ठाकुर ने कहा कि मलाणा इलाके में बिजली व्यवस्था ठप हो गई है और ऐसे में सबसे पहले बिजली व्यवस्था को सुचारू किया जाएगा। इसके अलावा गांव में खाने-पीने की फिलहाल पूरी व्यवस्था है। लेकिन यहां पर तीन रज्जू मार्ग लगाने के लिए मुख्यमंत्री के द्वारा स्वीकृति दे दी गई है। जिन में एक रज्जू मार्ग मलाणा, दूसरा रज्जू मार्ग बलादी और तीसरा रज्जू मार्ग चौहकी गांव में लगाया जाएगा। ताकि यहां पर लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने बताया कि मलाणा में बादल फटने से चौहकी बलादी गांव को भी नुकसान हुआ है। लेकिन वहां पर सभी लोग सुरक्षित है। जिला प्रशासन के द्वारा सभी प्रभावित परिवारों की मदद की गई है और यहां पर सभी प्रभावित परिवारों को राहत भी दी गई है। उन्होंने बताया कि भुंतर से लेकर मणिकर्ण घाटी तक सड़क मार्ग बिल्कुल सुरक्षित है और अब एक बार फिर से बड़े वाहनों की आवाजाही यहां से शुरू कर दी गई है। सीपीएस सुंदर ठाकुर ने कहा कि जल्द ही मलाणा गांव तक बिजली पहुंच जाएगी और मौसम साफ होने के बाद सड़क निर्माण का कार्य भी शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यहां पर तीन छोटे पुल भी बह गए हैं ऐसे में जब तक पुल की व्यवस्था नहीं होती है। तब तक लोगों को रज्जू मार्ग के माध्यम से सुविधा प्रदान की जाएगी।



