
न्यूज मिशन
कुल्लू 25 अप्रैल
जिला पर्यटन विकास अधिकारी, सुनैना शर्मा कुल्लू की अध्यक्षता में आज जिला एयरो स्पोर्ट्स क्लब कुल्लू की बैठक बहुउद्देशीय भवन ढालपुर (कुल्लू) में आयोजित की गई। इस बैठक में जिला एयरो स्पोर्ट्स क्लब कुल्लू के सदस्यों के अतिरिक्त जिला कुल्लू की समस्त पैराग्लाइडिंग साईटों से एसोसिएशनों के प्रधानों एवं सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक में सभी सदस्यों के साथ प्रत्येक पैराग्लाइडिंग साईट में पर्यटकों की सुरक्षा एवं पर्यटकों को सुखद अनुभव देने, पर्यटकों को पैराग्लाइडिंग गतिविधियों से सम्बधित स्मृति चिन्ह / प्रमाण पत्र जारी करने, पैराग्लाइडिंग गतिविधियों के संचालन हेतू सिंगल काउंटर और मूल्य स्थिरीकरण बारे विस्तृत चर्चा की गई और साथ ही इसकी अनुपालना एवं पैराग्लाइडिंग गतिविधियों को हि०प्र० एयरो स्पोर्ट्स नियम, 2022 के अन्तर्गत संचालित करने के निर्देश दिए गए। जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने कहा कि इन निर्देशों की अनुपालना में कोताही बरतने पर विभाग द्वारा नियमानुसार निरन्तर कार्यवाही की जा रही है और आगे भी जारी रहेगी।



