आलू ग्राउंड में व्यास नदी के बीच फंसे 30 लोग किसान भवन में सुरक्षित
मनाली के वाहंग में दर्जनों मकान व्यास नदी में समाए

मनाली के आलू ग्राउंड में फंसे 30 लोगों को कल किया जाएगा एयरलिफ्ट
4 लोग व्यास नदी में बहकर हुए लापता
न्यूज़ मिशन
कुल्लू, 9 जुलाई।
कुल्लू जिला के मनाली से लेकर बजौरा तक ब्यास नदी के रौद्र रूप ने तबाही मचाई है ऐसे में मनाली के वाहंग में दर्जनों मकान बाढ़ में समाए है। ब्यास नदी के किनारे मनाली से लेकर बजौरा तक सैकड़ों मकानों में पानी भर गया है जिसके चलते प्रशासन की तरफ से व्यास नदी के किनारे कई जगह पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रेस्क्यू किया गया है वही व्यास नदी की बाढ़ में चार लोग बहकर लापता हुए हैं।
उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने जानकारी देते हुए आज कहा कि भारी बारिश के चलते आलू ग्राउंड मनाली में 30 लोग फंस गए हैं। ये सभी लोग किसान भवन में फंसे हैं लेकिन पूरी तरह से सुरक्षित हैं। जिला प्रशासन द्वारा इन लोगों को कल सुबह एयरलिफ्ट कर सुरक्षित निकाला जाएगा। इस संबंध में प्रशासन की ओर से पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि जिला में विभिन्न स्थानों से भारी बारिश के कारण चार लोगों के ब्यास नदी में बहने की सूचना है।
उपायुक्त गर्ग ने कहा कि कसौल में भारी बारिश के कारण फंसे हए 25 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है। जिला प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा है। उन्होंने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि आपदा के समय धैर्य से काम लें। बाढ़ का अंदेशा होने पर सुरक्षित स्थान पर जाएं। आम लोग और पर्यटक नदी नालों और पानी के संभावित तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रहें। भूस्खलन वाली पहाड़ी की तरफ या नदी के साथ लगती सड़क पर वाहन पार्क न करें।
उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन के दिशा निर्देशों का पालन करें। अति आवश्यक परिस्थितियों में ही यात्रा करें। भारी बारिश के रैड अलर्ट पर सरकार और जिला प्रशासन के दिशा निर्देशों का पालन करें। आपदा के समय किसी भी प्रकार की मदद के लिए आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के आपातकाल नंबर 1077 पर अवश्य कॉल करें। सभी जिलावासी आपदा के समय प्रशासन का सहयोग करें।



