6 माह में सरकार की जनहितैषी नीतियों व निर्णयों को जनता का मिला भरपूर प्रेम, विश्वास और समर्थन -इंदु पटियाल
कहा-मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू प्रदेश का चहुंमुखी विकास सुनिश्चित करने की दिशा में निभा रहे महत्वपूर्ण भूमिका
न्यूज़ मिशन
कुल्लू
धर्मशाला में कर्मचारियों द्वारा आयोजित कार्यक्रम में जिस प्रकार से लाखों लोगों ने शिरकत की है, उससे सुक्खू सरकार की लोकप्रियता का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि गत छह माह में सरकार की जनहितैषी नीतियों व निर्णयों को जनता का भरपूर प्रेम, विश्वासऔर समर्थन मिला है। जबकि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर हिमाचल के मेलों और खेलों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों में मंच साझा करने की जद्दोजहद में सिमट गए हैं, ये बात प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता इंदु पटियाल ने आज जारी एक प्रेस बयान में कही । उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू प्रदेश का चहुंमुखी विकास सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं वे एक तरफ नशामुक्त भांग की खेती की संभावनाएं तलाश कर प्रदेश की आर्थिकी को सुदृढ़ करने की सोच रखते हैं तो दूसरी तरफ हर जिला से स्थानीय उत्पादों और कलाकृतियों को बढ़ावा देने हेतु वृहद योजना तैयार कर रहे हैं जिसमें हिमाचली किसानों,बुनकरों और कलाकारों को आधुनिक प्रशिक्षण और बेहतर मार्केटिंग की व्यवस्था दी जाएगी। सरकार का मिशन बेहतर शिक्षा,स्वास्थ्य सेवाएं, पक्की सड़कैं , स्वच्छ पानी, बिजली ही नहीं बल्कि युवाओं को रोजगार गारंटी भी देना प्राथमिकता है। अपने मिशन के प्रति गंभीर कांग्रेस सरकार ने सभी विभागों में रिक्त पदों को भरा है और हजारों युवाओं को नौकरियां पैदा कर आत्मनिर्भर बनाने का अवसर दिया है। भाजपा कार्यकाल में भ्रष्टाचार और तबादला उद्योग पनपा था जिसपर वर्तमान सरकार ने विराम लगा कर व्यवस्था परिवर्तन किया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह ठाकुर ने कांग्रेस नेताओं को स्पष्ट निर्देश दिया है कि शिमला विकास के काम को लेकर आएं तबादले के लिए हरगिज नहीं। इंदु पटियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री का सपना है कि वे हिमाचल को एक विकसित माडल राज्य के रूप में स्थापित करें और वे सत्ता को सेवा का माध्यम मानते हैं ।



