कुल्लूबड़ी खबरराजनीतिहिमाचल प्रदेश

शानदार होगा मनाली विधानसभा में स्थापना के 75 साल का समारोह-गोविंद ठाकुर

न्यूज़ मिशन
कुल्लू 24 सितम्बर। मनाली विधानसभा क्षेत्र में प्रगतिशील हिमाचल-स्थापना के 75 साल का समारोह आगामी पहली अक्तूबर को हरिपुर कॉलेज के प्रांगण में होगा। समारोह में 15000 से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। यह बात शिक्षा व भाषा एवं संस्कृति मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने आज मनाली के परिधि गृह में समारोह की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। उन्होंने कहा कि यह समारोह बहुत शानदार ढंग से आयोजित किया जाएगा और क्षेत्र की जनता के लिये यादगार बनेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री समारोह के दिन मनाली विधानसभा क्षेत्र में लगभग 200 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे।
गोविंद ठाकुर ने कहा कि जिला की तीन विधानसभाओं कुल्लू, आनी तथा बंजार में प्रगतिशील हिमाचल के कार्यक्रमों का आयोजन पहले ही किया जा चुका है। इन कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री ने अनेक विकास की घोषणाएं की हैं और सभी जगहों पर लोगों का बड़ा उत्साह दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि चुंकि अब सेब सीजन लगभग समाप्त हो रहा है, इसलिये मनाली विधानसभा क्षेत्र की जनता मुख्यमंत्री के समारोह में बढ़चढ़ कर भाग लेगी।
शिक्षा मंत्री ने समारोह की तैयारियों को लेकर सभी अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की। उन्होंने कहा कि जो जिम्मेवारी सौंपी गई है, उसका इमानदारी और समर्पण भाव के साथ सभी निर्वहन करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को समारोह स्थल का दौरा करने को कहा और जो भी व्यवस्था की जानी है, उसकी रिपोर्ट सौंपने को कहा। उन्होंने कहा कि समारोह स्थल को पूरी तरह से वाटरपू्रफ कवर किया जाएगा। 10 हजार से अधिक कुर्सियां स्थल पर लगेंगे। इसके अलावा बैठने के लिये दरियों की भी व्यवस्था मंच के समीप की जाएगी। लोगों की आवाजाही के लिये पर्याप्त बसों की व्यवस्था की जाएगी और लोगों को वापिस अपने गंतव्यों तक पहुंचाया जाएगा। समारोह के दौरान लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी, इसके लिये फुलप्रूफ प्रबंध किये जा रहे हैं।
गोविंद ठाकुर ने पंचायती राज संस्थानों के चुने हुए प्रतिनिधियों से अपील की कि वे प्रधान से लेकर पंच तक तथा जिला परिषद व पंचायत समितियों व नगर निकाय के सभी चुने हुए प्रतिनिधि समारोह में न केवल भाग लेंगे बल्कि अपने-अपने क्षेत्र के लोगों को सभा स्थल तक पहुंचाने में भी सहयोग करेंगे। इसी प्रकार, भाजपा के जिला व मण्डल के समस्त पदाधिकारियों को भी समारोह में बढ़चढ़ कर भाग लेकर इसे गरिमामयी बनाने की अपील की गई है।
गोविंद ठाकुर ने मनाली विधानसभा क्षेत्र के साथ लगते कुल्लू क्षेत्र के महिला व युवक मण्डलों, स्वयं सहायता समूहों, स्वयं सेवी संस्थानों तथा आम जनमानस को हिमाचल के गौरव स्थापना के 75 वर्ष के समारोह में मुख्यमंत्री के स्वागत तथा उन्हें सुनने के लिये बड़ी संख्या में हरिपुर आने का आग्रह किया है।
बैठक में कार्यकारी एसडीएम रमन घरसंगी, हिमाचल प्रदेश भाजपा की उपाध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर, मण्डल अध्यक्ष दुर्गा सिंह ठाकुर, महामंत्री ठाकुर दास, अध्यक्ष नगर परिषद मनाली चमन कपूर के अलावा भाजपा के पदाधिकारी व विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Trending Now