गड़सा घाटी के खोड़ाआगे मे पहाड़ी, 2 दर्जन से अधिक परिवार विस्थापित व इतने ही मकान क्षतिग्रस्त व संकटापन्न, बाबजूद इसके सरकार वेसुध: सुरेंद्र शौरी

न्यूज़ मिशन
कुल्लू
बंजार विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत गड़सा घाटी के ग्रामीण क्षेत्रों में भारी बारिश से उपजी आपदा से प्रभावित क्षेत्रों में आज स्थानीय विधायक सुरेंद्र शौरी ने विभिन्न स्थानों पर प्रभावितों से मुलाक़ात की। ग्रामीण क्षेत्रों में अभी तक यातायात व संचार के साधन पूरी तरह से बहाल नहीं हो पाए हैं, ऐसे में अभी तक धरातल की सही तस्वीर सामने नहीं आ पाई है। परंतु स्थानीय विधायक के स्वतः प्रयासों व दौरों से हर दिन सरकार की नाकामी व आम जन मानस की पीड़ा उजागर हो रही है। यहाँ की भलान-।। पंचायत के अन्तर्गत पूरी पहाड़ी के दरकने से खोड़ाआगे गाँव में एक दर्जन के क़रीब घर रहने के लिए असुरक्षित हो गए है और इतने भूस्खलन की जद में हैं। इस आपदा से यहाँ दो दर्जन से अधिक परिवार विस्थापन का दंश झेलने को विवश हैं। विधायक सुरेंद्र शौरी ने क्षेत्र का मौक़ा कर जनसुनवाई की है व जानकारी देते हुए कहा कि इस गाँव में अब तक राहत राशि व राहत सामग्री के नाम पर कुछ भी वितरित नहीं किया गया है और न ही प्रशासन व सरकार की और से कोई नुमाइंदा यहाँ आया है। आपदा के इतने दिन बीत जाने के बाद भी ग्रामीण क्षेत्रों की सुध लेने से सरकार गुरेज़ क्यूँ कर रही है। इस लचर व्यवस्था के प्रति ग्रामीणों में ख़ासा रोष व्याप्त है। स्थानीय विधायक ने कहा है कि जहां जहां सरकार ने अभी तक कोई सुध नहीं ली है वे स्वयं वहाँ जाकर राहत कार्य करेंगे व लोगों की हर संभव सहायता करेंगे। उम्मीद है कि प्रदेश सरकार अतिशीघ्र इस व्यथा पर अवश्य ही संज्ञान लेगी व राहत कार्य में और तेज़ी लाएगी।



