सैंज आईटीआई भवन का निर्माण शीघ्र शुरू करने का कैबिनेट मंत्री राम लाल मारकंडा ने दिया आश्वासन-ओम प्रकाश शर्मा
आईटीआई भवन के निर्माण को लेकर मिला प्रतिनिधि मंडल ने दिया था ज्ञापन

न्यूज़ मिशन
बंजार
पिछले कई वर्षों से सैंज आईटीआई के ठप पड़े भवन निर्माण को लेकर भाजपा के युवा नेता एवं औद्योगिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक ओम प्रकाश ठाकुर की अगुवाई में एक प्रतिनिधि मंडल शनिवार को प्रदेश के तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ रामलाल मारकंडा से बंजार घाटी के प्रवेश द्वार लारजी में मिला। भाजपा नेता ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सैंज के वर्ष 2015 से बंद पड़े निर्माण कार्य को लेकर मंत्री जी से दुखड़ा सुनाया तथा तकनीकी शिक्षा मंत्री ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल आईटीआई के प्रधानाचार्य एवं लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से फीडबैक ली। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन देते हुए कहा कि ठप पड़े भवन निर्माण को शीघ्र ही सुचारू रूप से शुरू किया जाएगा। वही बंजार में हुए जनमंच कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षा मंत्री रामलाल मारकंडा ने भाजपा नेता द्वारा उठाए गए आईटीआई मुद्दे को लेकर स्पष्ट किया कि तीन महीने के भीतर आईटीआई भवन का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। भाजपा के पूर्व अध्यक्ष ओम प्रकाश ठाकुर ने जनमंच में आईटीआई सैंज के भवन निर्माण को लेकर मुद्दा उठाया तथा तकनीकी शिक्षा मंत्री ने इसे गंभीरता से लिया तथा विभागीय अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी किए हैं कि तीन महीने के भीतर निर्माण कार्य शुरू किया जाए अन्यथा विभागीय अधिकारी की जिम्मेवारी होगी। उधर डिग्री कॉलेज बंजार में हुए जनमंच कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षा मंत्री रामलाल मारकंडा के आश्वासन के बाद सैंज घाटी के पंचायत प्रतिनिधियों आम जनता में खुशी की लहर है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2015 से आईटीआई भवन का निर्माण कार्य ठप पड़ा है जिस कारण औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में विभिन्न ट्रेडों के प्रशिक्षुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब जबकि भाजपा नेता के जनमंच में उठाए गए मुद्दे पर पंचायत प्रतिनिधियों के अलावा अभिभावकों ने भी सैंज के युवा भाजपा नेता एवं औद्योगिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक ओम प्रकाश ठाकुर का धन्यवाद किया है। बहरहाल बंजार में हुआ जनमंच आईटीआई के लिए वरदान साबित हुआ है। उधर भाजपा नेता ने इसके लिए तकनीकी शिक्षा मंत्री का आभार प्रकट किया है।प्रतिनिधिमंडल में बंजार भाजपा के अध्यक्ष बलदेव महंत, भाजपा औद्योगिक प्रकोष्ठ के जिला कार्यकारिणी सदस्य नारायण ठाकुर, भाजपा जिला सदस्य अनूप शर्मा, रमेश कुमार तथा नरेश कुमार आदि कार्यकर्ता शामिल रहे।



