देश विदेशधर्म संस्कृतिबड़ी खबरमनोरंजनराजनीतिशिमलाहिमाचल प्रदेश

15 देशों से ज्यादा सांस्कृतिक दलों ने अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरे में भाग लेने को भरी हामी

सीपीएस सुंदर सिंह ठाकुर ने नई दिल्ली में की भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद के अधिकारियों के साथ बैठक

न्यूज मिशन
कुल्लू, 13सितंबर।
विश्व विख्यात अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा में इस साल 15 देशों से ज्यादा सांस्कृतिक दलों ने सैद्धान्तिक रूप से भाग लेने  को मंजूरी दी है। इन देशों की ओर से दशहरा में शामिल होने के लिए हामी भरी गई है। मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर ने आज दिल्ली में भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद के अधिकारियों के साथ भेंट कर बैठक की। इस दौरान उन्होंने कुल्लू दशहरे के सफल आयोजन को लेकर बातचीत की और विभिन्न देशों के सांस्कृतिक दलों की दशहरे में उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए विचार विमर्श किया गया। उन्होंने भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद के महानिदेशक कुमार तुहिन और कार्यक्रम निदेशक अमित सहाय माथुर से मुलाकात की।
सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में रूस, इजरायल, रोमानिया, कजाकिस्तान, क्रोएशिया, वियतनाम, ताइवान, थाईलैंड, पनामा, ईरान, मालदीव, मलेशिया, केन्या के अलावा अफ्रीकी देश साउथ सूडान, जांबिया, घाना और इथोपिया के सांस्कृतिक दलों ने भाग लेने को सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान की है। उन्होंने कहा कि इस बार दशहरे में आने वाले लोगों को विभिन्न देशों की संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद के अधिकारियों के साथ आज विस्तार से बातचीत हुई है। परिषद की ओर से दशहरे की व्यवस्था का जायजा लेने के लिए एक टीम अक्तूबर माह के प्रथम सप्ताह में कुल्लू आएगी।
सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव को इस वर्ष भव्य रूप से मनाया जाएगा। इसके अंतरराष्ट्रीय स्वरूप को बनाए रखने और इसको विस्तार देने के लिए इस साल 15 देशों से ज्यादा सांस्कृतिक दलों सहित देश के विभिन्न राज्यों के सांस्कृतिक दल लोगों के समक्ष अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा के सफल आयोजन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने स्वयं कुल्लू दशहरे में सांस्कृतिक दल भेजने को लेकर विभिन्न राष्ट्राध्यक्षों को पत्र लिखकर आग्रह किया था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में इस साल कुल्लू दशहरा कार्यक्रम सफल होगा और अनूठी मिसाल पेश करेगा। बैठक में दिल्ली स्थित प्रधान आवासीय आयुक्त सुशील सिंघला भी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Trending Now