तीर्थन घाटी में आजादी का अमृत महोत्सव की धूम निकाली प्रभातफेरी और तिरंगा यात्रा

 

तिरंगमयी हुई कंडीधार पंचायत के लोगों में दिखा देशभक्ति का जुनून।

बंजार के प्रशासनिक अधिकारियों सहित स्थानीय लोगों ने बढ़ चढ़कर लिया हिस्सा।

तिरंगा हमारे देश की आन बान और शान, सभी करें इसका सम्मान-प्रकाश चन्द आजाद

न्यूज़ मिशन

सैंज कुल्लू

तीर्थन घाटी गुशैनी बंजार (परस राम भारती):- सरकार द्वारा आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत पूरे भारतवर्ष और प्रदेश भर में घर-घर तिरंगा, हर घर तिरंगा यात्रा अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से तिरंगा यात्रा और प्रभात फेरियां निकालकर सभी लोगों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

जिला कुल्लू उपमंडल बंजार की तीर्थन घाटी समेत अन्य क्षेत्रों में भी इन दिनों घर-घर तिरंगा अभियान को लेकर लोगों में काफी उत्साह एवं जोश दिख रहा है। इसी कड़ी में आज तीर्थन घाटी की ग्राम पंचायत कंडीधार में उपमण्डल अधिकारी बंजार की अगुवाई में तिरंगा यात्रा और प्रभातफेरी का आयोजन किया हुआ।

आज प्रातः ग्राम पंचायत कंडी धार के गहिधार से मुंग्ला तक हुई इस पैदल यात्रा में बंजार के प्रशासनिक अधिकारियों, पंचायत जनप्रतिनिधिओं, महिला मंडलों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्कूली बच्चों और अन्य सामाजिक संगठनो के सदस्यों ने भाग लिया। अपने हाथों में तिरंगे झंडे लेकर लोगों ने भारत माता की जय और बन्दे मातरम के नारे लगाए। इस दौरान स्थानीय लोगों में देश प्रेम के प्रति काफी जूनून और जोश देखने को मिला।

इस तिरंगा यात्रा और प्रभात फेरी का नेतृत्व बंजार के उपमंडल अधिकारी नागरिक प्रकाश चंद आजाद ने किया। इनके साथ बंजार के तहसीलदार रमेश कुमार, नायब तहसीलदार पृथी चन्द, पटवारी विजयपाल, पंचायत समिति बंजार की चेयरमैन लता देवी, ग्राम पंचायत कंडीधार की प्रधान तृप्ता देवी, उप प्रधान मोहिंदर सिंह, ग्राम पंचायत पेखड़ी की प्रधान पुष्पा देवी, उप प्रधान वीरेन्द्र भारद्वाज, ग्राम पंचायतों के सदस्यगण व अन्य गणमान्य व्यक्ति विशेष रूप से उपस्थित रहे। यह प्रभात फेरी और तिरंगा यात्रा गहीधार से शुरू होकर पैदल सड़क मार्ग द्वारा नागणी होते हुए ग्राम पंचायत कंडीधार के कार्यालय मुंगला में पहुंची जहां पर इसका समापन हुआ।

इस कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपमंडल अधिकारी प्रकाश चंद आजाद ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा है कि तिरंगा झंडा हमारे भारत देश की आन बान और शान है इसलिए इसका तिरस्कार कदापि ना करें। उन्होंने कहा कि 13 से 15 अगस्त के बीच तिरंगे झंडे को हर घर पर सम्मानपूर्वक किसी ऊंचे स्थान पर बताए गए विधि-विधान अनुसार लगाएं। इन्होंने बताया कि इस प्रभात फेरी का मुख्य उद्देश्य लोगों को हर घर में सम्मान पूर्वक तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना है। एसडीएम ने मौके पर उपस्थित स्थानीय ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और लोगों की जनसमस्यों को भी सुना और इनके शीघ्र समाधान का आश्वासन भी दिया है।

इन्होंने उपस्थित लोगों को केन्द्र सरकार द्वारा चलाई जा रही किसान सम्मान निधि योजना में आ रही कठिनाई के बारे में भी अवगत करवाया। इन्होंने कहा कि जिस किसान का पैसा खाते में नहीं आ रहा है वह तुरन्त अपने आधार कार्ड को बैंक खाते के साथ लिंक करवाएं ताकि कोई भी पात्र किसान इस योजना का लाभ उठाने से वंचित न रहे। इन्होंने कहा है कि बंजार क्षेत्र में आवारा पशुओं की समस्या और अन्य मुद्दों पर जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनो के साथ शीघ्र ही बैठक बुलाई जाएगी।

ग्राम पंचायत के उप प्रधान मोहिंदर सिंह ने इस कार्यक्रम में उपस्थित होने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों व अन्य लोगों का आभार प्रकट किया है। इन्होंने मौके पर ही प्रशासनिक अधिकारियों को गोवंश और आवारा पशुओं की समस्याओं के बारे में अवगत करवाया, जिसके शीघ्र समाधान बारे आश्वाशन मिला है।

Back to top button
error: Content is protected !!
Trending Now